राजनीति

भाजपा के पांच सांसद पहुंचे राजभवन, बताया- सांसद संतोष पांडेय और पूर्व सांसद अभिषेक सिंह फरार नहीं, उनके खिलाफ साजिश हो रही

रायपुर। कवर्धा में भगवा झंडे के अपमान के बाद विद्वेष फैलाने के आरोप में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह सहित भाजपा के पूर्व विधायक व पदाधिकारियों को पुलिस ने फरार बताकर कोर्ट में चालान पेश कर दिया है। इसके विरोध में गुरुवार को भाजपा के पांच सांसद राजभवन पहुंचे। सांसदों ने राज्यपाल अनुसुइया उइके को बताया कि सांसद फरार नहीं हैं, बल्कि राज्य सरकार उनके खिलाफ साजिश कर रही है। सांसदाें ने राज्यपाल उइके से राज्य सरकार और पुलिस की शिकायत कर केस खत्म करने की मांग की है। साथ ही, दोषी अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

रायपुर के भाजपा सांसद सुनील सोनी, दुर्ग सांसद विजय बघेल, रायगढ़ की गोमती साय, महासमुंद से चुन्नीलाल साहू और जांजगीर-चांपा के सांसद गुहाराम अजगले ने राज्यपाल उइके से मिलकर बताया कि कवर्धा के डीएसपी ने सांसद व पूर्व सांसद को फरार बताकर तहसीलदार को उनकी संपत्ति की जानकारी मांगी है। सांसद, पूर्व सांसद व अन्य जनप्रतिनिधि लगातार दौरे पर रहते हैं, फिर भी फरार घोषित करने का षड्यंत्र किया गया है, जबकि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया। गायब होने का पंचनामा भी नहीं कराया गया है, फिर भी कोर्ट में झूठा शपथ दिया है। सांसदों ने आरोप लगाया है कि सीएम भूपेश बघेल व मंत्री मोहम्मद अकबर के इशारे पर पुलिस साजिश कर रही है। एक ओर भगवा ध्वज का अपमान करने व दंगे के आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा नेताओं पर अपराध दर्ज किया गया है। सांसद पांडेय, पूर्व सांसद अभिषेक के अलावा पूर्व संसदीय सचिव मोतीराम चंद्रवंशी, पूर्व विधायक अशोक साहू, युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष विजय शर्मा, भाजपा अध्यक्ष अनिल सिंह व बड़ी संख्या में अन्य लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें से कोई फरार नहीं हैं, लेकिन संपत्ति की जांच के लिए तहसीलदार, आरआई, पटवारी घर तक पहुंच रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button