प्रमुख खबरेंराजनीति

CM- कलेक्शन मास्टर: तेजस्वी सूर्या का आरोप- छत्तीसगढ़ में भ्रष्टतम सरकार, कलेक्शन मास्टर की भूमिका निभा रही

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बुधवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बेरोजगारी के मुद्दे पर हल्ला बोला। साढ़े तीन साल में यह पहला मौका था, जब हजारों की संख्या में कार्यकर्ता राजधानी में जुटे और बैरिकेड तोड़कर सीएम हाउस के करीब पहुंच गए। इस दौरान भाजयुमो अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या समेत भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा। तेजस्वी सूर्या ने यहां तक कह दिया कि छत्तीसगढ़ में सीएम मतलब कलेक्शन मास्टर है। यहां के सीएम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए कलेक्शन मास्टर की भूमिका निभा रहे हैं। राजधानी में नगर निगम मुख्यालय व्हाइट हाउस के सामने आमसभा के बाद कार्यकर्ता सीएम हाउस घेरने के लिए निकले। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जोरदार झूमाझटकी हुई, जिसमें कई कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी को चोट आई है। पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़कर विधायक सौरभ सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव सहित कई कार्यकर्ता सीएम हाउस तक पहुंच गए और भाजपा का झंडा फहराया।

छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और माफिया राज

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 3 माह की मोहलत देते हुए कहा कि वह इन 3 माह में अनियमित कर्मचारियों को नियमित करें वरना दिसंबर में वे फिर आएंगे। उन्होंने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और माफिया राज चल रहा है। इस तानाशाही राज में युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। समय आ गया है कि भाजयुमो के कार्यकर्ता संघर्ष करते हुए भाजपा की सरकार बनाएं ताकि भाजपा की सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार दे सके।

छत्तीसगढ़ प्रभारी पुरंदेश्वरी ने कांग्रेस सरकार की तुलना धृतराष्ट्र से की।

धृतराष्ट्र के आलिंगन में है छत्तीसगढ़: पुरंदेश्वरी

भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी ने भाजयुमो की विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए महाभारत का जिक्र किया और कहा कि महाभारत में श्रीकृष्ण ने भीम को धृतराष्ट्र के आलिंगन से बचाकर भीम की जान बचाई थी। अब छत्तीसगढ़ धृतराष्ट्र के आलिंगन में है। इसे बचाने के लिए भाजयुमो के कार्यकर्ता संघर्ष करें। हमें छत्तीसगढ़ को बचाना है और छत्तीसगढ़ की जनता को उसका हक दिलाना है। भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि इस सरकार का पतन तय हो चुका है। इस सरकार को जाना ही होगा।

पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल सहित कार्यकर्ता कंटेनर पर चढ़ गए।

भूपेश सरकार की विदाई अब तय हो गई : साव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार की विदाई तय है। राजधानी रायपुर में आज जो सैलाब उमड़ा है, वह साबित कर रहा है कि भूपेश बघेल सरकार का पतन सुनिश्चित हो गया है। आज के बाद छत्तीसगढ़ में माहौल बदल गया है। कांग्रेस की सरकार हर मोर्चे पर नाकारा, भ्रष्ट और तानाशाह साबित हुई है। इस सरकार ने छत्तीसगढ़ को कर्ज में डुबो दिया है।

हल्ला बोल में हिस्सा लेने के लिए प्रदेशभर से कार्यकर्ता पहुंचे थे।

2023 में भाजपा की सरकार बनाएं कार्यकर्ता: रमन
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने अपने संबोधन में भूपेश बघेल सरकार की जमकर आलोचना करते हुए कांग्रेस सरकार को बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सौ से भी कम भृत्य पदों की भर्ती के लिए ढाई लाख युवाओं ने आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि अकेले हम आंदोलन नहीं कर रहे हैं, बल्कि पूरा छत्तीसगढ़ आंदोलन कर रहा है। 5 लाख कर्मचारी आंदोलन पर बैठे हैं। भाजयुमो कार्यकर्ता कमर कस लें और 2023 में भाजपा की सरकार बनाएं।

कांग्रेस छत्तीसगढ़ को कई दशक पीछे ले गई

केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कांग्रेस सरकार को भ्रष्ट, निकम्मी और बदलापुर की राजनीति करने वाली सरकार करार देते हुए कहा कि इस सरकार ने छत्तीसगढ़ को कई दशक पीछे ले जाने का काम किया है। केंद्र सरकार के पैसों का दुरुपयोग करते हुए भ्रष्टाचार किया जा रहा है।

सीएम हाउस के सामने भाजपा का झंडा फहराने के बाद गिरफ्तारी देते विधायक सौरभ सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव व अन्य कार्यकर्ता।

नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने जिस उम्मीद के साथ कांग्रेस को सरकार बनाने का अवसर दिया था, उन उम्मीदों को भूपेश बघेल ने न केवल तोड़ा है, बल्कि छत्तीसगढ़ के लोगों के साथ धोखेबाजी की है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि छत्तीसगढ़ की यह सरकार जिस रास्ते पर चल रही है उसका परिणाम आज निर्धारित हो गया है। भाजयुमो के कार्यकर्ता इस सरकार को उसकी सही जगह पहुंचा देंगे। पूर्व सांसद रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार जैसी भ्रष्ट सरकार पूरे देश में नहीं है। इस सरकार ने छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था तबाह कर दी है। हर जगह भ्रष्टाचार है और दमन की राजनीति की जा रही है।

सांसद सुनील सोनी ने रायपुर में आयोजित हल्ला बोल कार्यक्रम में शामिल होकर कहा कि कुंभकरणीय निंद्रा में सोई प्रदेश की कांग्रेस सरकार को जगाने का वक्त आ गया है। इस सरकार ने अपने 45 महिने के कार्यकाल में छलने के अलावा कुछ भी नहीं किया है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार ने छत्तीसगढ़ के युवाओं, किसानों, गरीबों, महिलाओं सहित सभी वर्गों के साथ जो व्यवहार किया है, वह इस सरकार के ताबूत की आखिरी कील साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button