राजनीति

तीन कार्यकाल के बाद बिसराराम की विदाई, पूर्णेंदु बने आरएसएस के नए प्रांत संघचालक

रायपुर। आरएसएस ने राजधानी के अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना को नया प्रांत संघ चालक चुना है। डॉ. सक्सेना पिछले 6 साल से प्रांत सह संघ चालक का दायित्व संभाल रहे थे। वे बिसराराम यादव की जगह लेंगे। बिसराराम लगातार तीन कार्यकाल प्रांत संघ चालक रहे। यानी 9 साल बाद उनकी विदाई हो रही है। प्रांत कार्यवाह चंद्रशेखर वर्मा को विश्व हिंदू परिषद भेजा गया है। उनके स्थान पर चंद्रशेखर देवांगन प्रांत कार्यवाह बनाए गए हैं। साथ ही, संपर्क का दायित्व संभाल रहे डॉ. टोपलाल वर्मा को प्रांत का सह कार्यवाह बनाया गया है।
आरएसएस के मुख्यालय जागृति मंडल में रविवार को दिनभर चली महत्वपूर्ण बैठक के बाद प्रांत के सबसे बड़े पद प्रांत संघ चालक का चुनाव किया गया। काफी समय से अस्वस्थ चल रहे बिसराराम ने अपना पद छोड़ने की इच्छा जताई। इसके बाद डॉ. पूर्णेंदु को नया संघ चालक बनाने का प्रस्ताव रखा गया। जिला और विभाग से आए पदाधिकारियों ने सर्व सम्मति से डॉ. पूर्णेंदु को नया संघ चालक चुना। इस दौरान प्रांत के साथ ही क्षेत्र और अखिल भारतीय अधिकारी भी मौजूद थे।
हर तीन साल में होते हैं चुनाव: आरएसएस में हर तीन साल में चुनाव होते हैं। इस बार कोरोना की वजह से चुनाव की प्रक्रिया में थोड़ी देरी हुई। छत्तीसगढ़ को छोड़कर मध्य क्षेत्र में शामिल मध्य भारत, मालवा और महाकौशल प्रांत में संघ चालक के चुनाव हो चुके थे। इसके बाद छत्तीसगढ़ प्रांत में संघ चालक का निर्वाचन किया गया। छत्तीसगढ़ में इस बार प्रांत सह संघ चालक का चुनाव नहीं किया गया है। इससे पहले प्रांत कार्यवाह के रूप में चंद्रशेखर देवांगन को जिम्मेदारी दी गई थी। इसके अलावा महेश बिड़ला महानगर संघ चालक और राघव जोशी को महानगर कार्यवाह का दायित्व दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button