प्रमुख खबरें

नवा अपराधगढ़: BJP अध्यक्ष का तंज- राजस्थान का चिंतन छोड़कर छत्तीसगढ़ की चिंता करें भूपेश बघेल, खुला जंगल राज चल रहा

रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राजस्थान में चिंतन शिविर के बहाने भाजपा अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज किया है। राजधानी सहित पूरे राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर आक्रोश व्यक्त करते हुए साय ने कहा है कि नवा छत्तीसगढ़ गढ़ने का ढिंढोरा पीटने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नवा अपराधगढ़ गढ़ दिया है। देशभर में दम तोड़ती कांग्रेस के लिए चिंतन का ढोंग करने राजस्थान में पिकनिक मना रहे हैं।

साय ने नसीहत दी है कि मुख्यमंत्री दिखावे का चिंतन छोड़ें और छत्तीसगढ़ की जनता की जान-माल की सुरक्षा की चिंता करें। राज्य की जनता ने उन्हें कांग्रेस की नहीं बल्कि अपनी चिंता करने के लिए चुना है, लेकिन वे ऐसा बिल्कुल भी नहीं कर रहे हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राजधानी तक में जनता सुरक्षित नहीं है। वीआईपी रोड जैसे इलाके में लूट का सिलसिला और गोलीबारी बता रही है कि सरकार की नाक के नीचे ही सरेआम लूटमार हो रही है।

महिला उत्पीड़न के मामलों की पूरे प्रदेश में बाढ़ आ गई है। भ्रष्टाचार के नरवा में नहा रही सरकार ने जनता को अपराधियों के रहमोकरम पर छोड़ दिया है। इस सरकार में छत्तीसगढ़ की स्थिति अंधेर नगरी, चौपट राजा वाली हो गई है।

साय ने कहा कि राजधानी में हाल ही में जिस जगह एक युवती को लूटकर गोली मारी गई, उसी जगह पर एक रोज पहले एक छात्र को लूटा गया। तेलीबांधा इलाके में ही एक बुजुर्ग खुदकुशी करने के लिए मजबूर हुआ। राज्य में इस सरकार से त्रस्त किसान आत्महत्या कर ही रहे हैं।

चौतरफा अंधेरगर्दी और बेकाबू अपराध का सिलसिला जारी है। कांकेर में हत्याकांड हुआ तो कुछ रोज पहले रायगढ़ जशपुर के सीमावर्ती क्षेत्र में एक ही परिवार के लोगों की हत्या हो गई। हाल ही तिल्दा में एक परिवार की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया।

दुष्कर्म का आलम यह है कि राज्य की पुलिस ही आरोपी की दलाल बनकर पीड़िता को धमकाती है। छत्तीसगढ़ में ये क्या हो रहा है। खुला जंगल राज चल रहा है। मुख्यमंत्री को कुछ दिखाई नहीं दे रहा। जनता उन्हें कोयले की दलाली में हाथ काले करते देख रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button